राधारानी की प्रिय सखी ललिता जी का अभिषेक करते मंदिर के सेवायत
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में प्रिया-प्रियतम की लीलाओं की सहनायिका एवं राधारानी की अष्टसखियों में प्रधान ललिता सखी का जन्मदिन शुक्रवार को बरसाना के समीपवर्ती गांव ऊंचागांव में धूमधाम से मनाया गया। ललिता जी के जन्मोत्सव पर गांव राधा-कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। ललिता सखी के अभिषेक के दर्शनों को भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। दोपहर को सेवायतों ने पंचामृत से उनका अभिषेक किया।
दोपहर 12 बजे किया गया अभिषेक
भाद्रपद की छठ को ऊंचागांव में स्थित ललिता अटा अटोर नामक पहाड़ी पर बने भव्य ललिता मंदिर में दोपहर 12 बजे ललिता जी का अभिषेक किया गया। सुबह से ही गांव में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। देखते ही देखते ललिता मंदिर परिसर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्त राधारानी की सबसे प्रिय सखी के आगमन के लिए पलकें बिछाए थे। 12 बजे ललिता मंदिर के सेवायतों ने ललिता जी के श्रीविग्रह को घी, दूध, दही, शहद, बूरा, केसर, जटामसी, चंदन चूरा, नागर मोथा, अगर-तगर, पंच मेवा, गुलाब जल, इत्र, गो घृत आदि का पंचामृत बना कर अभिषेक किया।
श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा
मंदिर में घंटा-घड़ियाल बज रहे थे तथा ललिता सखी व राधारानी के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज रहा था। ललिता सखी की एक छवि पाने को श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा था। इस दौरान गुर्जर समुदाय के लोगों द्वारा लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। श्रद्धालु लोक नृत्य देखकर भावविभोर हो गए। जन्म से पहले सखियों द्वारा मंदिर परिसर में बधाई पद गाए गए। इस मौके पर ब्रजाचार्य पीठ के ललिता पीठ के पीठाधीश्वर गोस्वामी कृष्णनंद तैलंग, ब्रजाचार्य पीठ के पीठाधीश्वर गोस्वामी उपेंद्र भट्ट, ब्रजाचार्य पीठ के प्रवक्ता घनश्याम राज भट्ट, दिलीप भट्ट, रोहित भट्ट, अरुण भट्ट, दिनेश, सतीश पाठक आदि ने ललिता सखी के अभिषेक कार्यक्रम में भाग लिया।