आगरा में कस्बा पिनाहट के मोहल्ला नयापुरा में दो दिन पूर्व रात के समय घर में सो रही बुजुर्ग महिला की हत्या हो गई थी। जिसमें पुलिस ने बहू एवं उसके चचेरे देवर को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पैतृक मकान के लिए महिला ने देवर के साथ मिलकर हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया था।
जानकारी के अनुसार कस्बा पिनाहट के मोहल्ला नयापुरा में मंगलवार की रात को घर में सो रही बुजुर्ग महिला रामकली उम्र करीब 68 वर्ष पत्नी सियाराम की निर्मम हत्या कर दी गई थी। बुधवार को सुबह बुजुर्ग महिला का शव चारपाई पर पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम को भेजा कर पति सियाराम के प्रार्थना पत्र पर पुत्रवधू मंजू और ढाबा संचालक प्रदीप शर्मा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस की दो दिन की जांच में मामला कुछ और ही निकल कर आया। पुलिस ने गिरफ्तार मंजू देवी पत्नी बाल किशन से कड़ी पूछताछ की तो पता चला कि उसने अपने चचेरे देवर ऋषिकेश के साथ मिलकर अपनी सास की हत्या की योजना बनाई थी। उसने पुलिस को पूछताछ में बताया कि पति चार भाई हैं। चारों भाइयों का हिस्सा बांट मकान में किया जाए, तो जगह कम पड़ती है। जिसे लेकर मकान को बिकवा कर अपने हिस्से के रुपए लेने की बात ससुर सियाराम से कही थी। इस फैसले को लेकर सास रामकली अड़चन डाल रही थी और मकान को बिकने नहीं दे रही थीं।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
30 अगस्त की रात को घर में सो रही सास रामकली की चचेरे देवर के साथ मिलकर मुंह और नाक दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद घर की अलमारी को खुला छोड़ कर सामान को तितर बितर कर दिया, ताकि मामला बदमाशों द्वारा लूट और हत्या का लगे। आरोपी चचेरे देवर ऋषिकेश से पूछताछ में बताया कि सियाराम के बगल में ही उसकी जमीन खाली पड़ी हुई है, जो तीन तरफ से घिरी है। वह मकान को खरीदना चाहता था, इसी लालच को लेकर मंजू के साथ अपनी बुजुर्ग ताई रामकली को मारने की साजिश रची। एसपी ने बताया कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।