आगरा। सहकारी समितियों से करीब ढाई गुना ज्यादा उर्वरक का निजी दुकानों में भंडार है। इसके बाद भी किसान समितियों की लाइनों में लग रहे हैं। वे प्राइवेट दुकानों में नहीं पहुंच रहे हैं। जबकि दोनों जगह डीएपी व अन्य उर्वरकों को मूल्य समान है।
इन दिनों रबी की आलू और सरसों की बुआई चल रही है। किसानों के बीच उर्वरक की बड़ी मांग है। तीन दिन हड़ताल के कारण समितियों के बंद रहने से किसान परेशान हो गए थे। अब वह समितियों पर खाद की लंबी लाइनों में लग रहे हैं। निजी दुकानों में सन्नाटा पसरा है।
जिले में सहकारिता विभाग की 96 सहकारी समिति और 600 से अधिक निजी उर्वरक की दुकानें हैं। समितियों में चार हजार मीट्रिक टन डीएपी, एनपीके और अन्य उर्वरक उपलब्ध है। वहीं समितियों से करीब ढाई गुना अधिक 10 हजार मीट्रिक टन डीएपी और एनपीके दुकानों में उपलब्ध है।
जिन किसानों के नजदीक निजी उर्वरक की दुकान हैं। वह वहां से खरीद सकते हैं। एनपीके और डीएपी के दाम दोनों जगह समान हैं। अगर कोई ज्यादा मांगता है, तो उसकी शिकायत करें। - विनोद कुमार, जिला कृषि अधिकारी