कासगंज। गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। ऐसी स्थिति में जिला संयुक्त चिकित्सालय की पैथोलॉजी पर जांच के लिए मरीजों की कतारें लग रही हैं। मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। इससे गर्मी में मरीज परेशान हो रहे हैं। प्रतिदिन 250 से 300 मरीजों की रक्त की जांच हो रही है।
गर्मी के कारण मरीजों की संख्या में एकदम इजाफा हुआ है। इससे पैथोलॉजी सेवाओं पर असर पड़ रहा है। पैथोलॉजी में जहां जांच के लिए तकनीशियन की कमी है, वहीं डाटा एंट्री ऑपरेटर भी नहीं है। डाटा फीडिंग देरी से होने की वजह से जांच और परिणाम में विलंब होता है। अब पिछले एक सप्ताह से मरीजों की संख्या बढऩे के बाद जिला अस्पताल की पैथोलॉजी पर मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। पैथोलॉजी पर सामान्य मरीजों के अलावा गर्भवती स्त्रियों की जांच भी की जाती है। जबकि इस समय यहां मरीजों की कतार लग रही है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां उन्हें अपनी बारी आने का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल के आंकड़ों के मुताबिक प्रतिदिन 250 से 300 मरीजों की रक्त और यूरिन की जांच पैथोलॉजी पर हो रही है। बुखार की जांच कराने के लिए पैथोलॉजी पर खड़ी मरीज किरन ने बताया कि उन्हें एक घंटे से अधिक समय हो गया है, लेकिन अभी सैंपल नहीं लिया गया है, यहां काफी भीड़ है। वहीं विवेक ने बताया कि वह कई दिनों से बुखार से पीडि़त है, रक्त की जांच कराने के लिए काफी देर से लाइन में खड़ा है।
वर्जन
पैथोलॉजी पर तकनीशियन और डाटा ऑपरेटर की कमी है। शीघ्र ही इनकी व्यवस्था की जा रही है। अन्य स्थानों से अतिरिक्त कर्मियों को भेजने के लिए भी सीएमओ से आग्रह किया गया है। डॉ. संजीव सक्सेना, सीएमएस