कासगंज। हत्या के जुर्म में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी की बीमारी से मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पटियाली कोतवाली क्षेत्र के गांव हकीमगंज निवासी अशोक(58) वर्ष 2008 से जेल में हैं। हत्या के आरोप में वह जिला जेल एटा भेजा गया था। वर्ष 2011 में न्यायालय से आरोप सिद्ध हो गया था। इसके बाद करीब तीन साल पहले उसे कासगंज जेल में स्थानांतरित कर दिया गया। वह किडनी, शुगर सहित अन्य कई बीमारियों से ग्रसित था।
इसका इलाज भी जिला अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को भी उसे जिला अस्पताल ले जाया गया था। उपचार के बाद वहां से जेल ले जाया गया। शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। जेल पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- हत्या के अपराध में दोषसिद्ध कैदी आजीवन कारावास की सजा में जेल में निरुद्ध था। वह काफी दिनों से बीमार था। पिछले दिनों उसकी कोरोना संक्रमण जांच हुई। वह निगेटिव आई थी। अन्य बीमारियों के कारण उसने दम तोड़ दिया।- राजीव कुमार, जेलर।