फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीईसी के घर प्रदर्शन का अंजाम: छह गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल; हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस

Tue, 29 Sep 2026 03:59 PM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा के विजयनगर स्थित मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तार छह आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सभी छह आरोपियों को 3 अक्तूबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामले की पुलिस जांच जारी है।
 
विज्ञापन
कोर्ट ले जाती पुलिस - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र की विजयनगर कॉलोनी में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर सोमवार को प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने अब तक कांग्रेस के दो पदाधिकारियों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार दोपहर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से 3 अक्तूबर तक के लिए जेल भेज दिया गया। कांग्रेसियों की पेशी के दौरान दीवानी में बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।
विज्ञापन


एसआईआर के विरोध में सोमवार सुबह 10 बजे कांग्रेस के प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव और मथुरा जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ता सीईसी के घर के बाहर पहुंच गए थे। घर में उनके माता-पिता रहते हैं। कांग्रेसियों ने घर के गेट पर काले पेंट से अमर्यादित शब्द लिखे थे और जमकर नारेबाजी भी की थी। इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था।

घटना की जानकारी जब तक पुलिस को हुई, तब तक आरोपी भाग गए थे। मामला लखनऊ तक पहुंचने के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस ने सोमवार को ही घेराबंदी कर अनिल यादव और मुकेश धनगर को जेवर टोल से गिरफ्तार कर लिया था। देर रात उनके चार और साथी पकड़ लिए गए। मामले में पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई जिसमें हत्या का प्रयास, अराजकता फैलाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने जैसी कई धाराएं लगाई गई हैं।
विज्ञापन


मामले में अनिल यादव, मुकेश धनगर, राजेश, मनोज गाैड़, करण सिंह निषाद, विक्रम वाल्मीकि, उमेश शर्मा और राजा गाैतम नामजद और 20 अज्ञात आरोपी हैं। आरोपियों को मंगलवार दोपहर तीन बजे पुलिस सीजेएम सारिब अली की कोर्ट में लेकर पहुंची। आरोपियों की ओर से जमानत प्रार्थनापत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपियों को जेल भेज दिया। कोर्ट ने विवेचक को निर्देश दिए कि धारा 109 (1) किन साक्ष्यों के आधार पर लगाई गई है, इसकी 3 अक्तूबर तक विवेचना पूरी कर जवाब दाखिल करें। जेल भेजे गए आरोपियों में पांच मथुरा के हैं।


पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों को भी चिह्नित कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है। - , 


कांग्रेसियों ने की नारेबाजी
कोर्ट में सुनवाई के दाैरान कांग्रेस नेता भी पहुंच गए। कोर्ट के आदेश पर जब पुलिस आरोपियों को जेल ले जाने लगी तो पुलिस के सामने ही कांग्रेसी नारेबाजी करने लगे। ये दीवाने कहां चले, जेल चले भाई जेल चले जैसे नारे लगाए। शोर सुनकर कोर्ट के बाहर अधिवक्ताओं और वादकारियों की भीड़ लग गई।

प्रदर्शन की आशंका में किए चाक-चौबंद इंतजाम
पुलिस को आशंका थी कि कोर्ट में पेशी के दाैरान कांग्रेसी फिर से प्रदर्शन कर सकते हैं इसलिए कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए। थाना हरीपर्वत से मेडिकल के लिए जिला अस्पताल ले जाने से लेकर दीवानी तक जगह-जगह पुलिस फोर्स लगाई गई। सभी थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। कलेक्ट्रेट, सुभाष पार्क, सेंट जोंस, हरीपर्वत तक पुलिस तैनात रही। दीवानी में भी पहले से ही सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। दो-दो आरोपियों को पुलिसकर्मी गाड़ी से कोर्ट तक लेकर गए।


इन्हें भेजा गया जेल
आजमगढ़ के थाना सिधारी के गांव शाहबाजपुर और हाल निवासी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में 13/बी सेक्टर 14 वृंदावन योजना निवासी अनिल यादव, मथुरा के कोतवाली थाना क्षेत्र के जनकपुरी मोहाली रोड निवासी मुकेश धनगर, सहमलपुरा की होली वाली गली निवासी मनोज गौड़, यमुनापार थाना क्षेत्र के ग्राम नगला पोला निवासी राजेश कुमार, पटलोनी निवासी राजा गौतम और थाना बल्देव के गांव हथौड़ा निवासी पंकज चौधरी को जेल भेजा गया है।

मथुरा में बनाई आगरा में प्रदर्शन की योजना
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह दिल्ली जा रहे थे। आजमगढ़ से पदाधिकारी मथुरा पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मिले। वहीं आगरा में भी प्रदर्शन की योजना बनाई गई। विजय नगर कॉलोनी में कुछ देर प्रदर्शन के बाद यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए दिल्ली की तरफ चल दिए थे लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों को आगरा के कांग्रेसियों के आने की उम्मीद थी लेकिन कोई नहीं पहुंचा।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें