बाह में डग्गेमारी एवं निजीकरण के विरोध में रोडवेज कर्मियों का प्रदर्शन
बाह। रोडवेज के निजीकरण के विरोध में 28 अप्रैल को होने वाले धरना प्रदर्शन की कामयाबी के लिए रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने शनिवार को बाह में एकजुटता का प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं बाह के बस अड्डा से प्राइवेट बसों के संचालन का विरोध किया। भदावर बस अड्डा बाह से डग्गेमार बसों के संचालन से न सिर्फ रोडवेज को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वरन यात्री शोषण उत्पीड़न के शिकार हो रहे हैं। आए दिन जाम के हालात से क्षेत्रीय लोगों को जूझना पड़ रहा है। पुलिस प्रशासन एवं परिवहन विभाग की अनदेखी का डग्गेमार वाहन संचालक लाभ उठा रहे हैं। इधर रोडवेज के निजीकरण से कर्मचारियों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। निजीकरण के विरोध एवं सुरक्षित भविष्य से जुड़ी हुई समस्याएं रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांतीय नेतृत्व ने परिवहन निगम प्रबंधन के सामने रखकर समाधान के लिए नोटिस दिया था। बाह शाखा के अध्यक्ष रामनिवास शर्मा, मंत्री दिनेश यादव ने बताया कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर समस्याओं का समाधान न होने पर 28 अप्रैल को धरना प्रदर्शन होगा। जिसके लिए जागरुकता एवं एकजुटता का प्रदर्शन शुक्रवार को बाह की कार्यशाला पर किया गया। इतना ही नहीं बाह के बस अड्डे पर डग्गेमार वाहनों के संचालन का विरोध किया गया। संविदा कर्मियों को नियमित किए जाने, आउट सोर्स से भर्ती हुए कर्मियों को संविदा की श्रेणी में रखकर चरणबद्ध नियमित किए जाने एवं आठवें वेतन आयोग का लाभ दिलाए जाने की मांगें जोर शोर से उठाई गई। इस दौरान उमेश कुमार, अभिषेक शर्मा, शैतान सिंह, नरेन्द्र कुमार, सतेन्द्र सिंह, टिंकू, किशन दत्त शर्मा, अनिल कुमार शर्मा, राजकुमार शर्मा, जावेद, रामगोपाल, पंकज कुमार मिश्रा, शिवदत्त, आनंद, सुनील, कृष्णमुरारी, शिवशंकर भदौरिया, कुलदीप सिंह, ओमकार शर्मा, बेबी कुमारी, राजवती आदि रहे।