आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में शनिवार शाम को सरेराह प्रॉपर्टी डीलर एवं सपा कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक पर सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
हत्या की सूचना पर एसपी सिटी प्रशांत वर्मा, सीओ लोहामंडी चमन सिंह चावड़ा सहित कई थानों का पुलिस फोर्स पहुंच गया। इलाके के सैकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना के पीछे रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
ककरैठा (सिकंदरा) निवासी राजेंद्र सिंह के बेटे बबलू यादव की भावना एस्टेट के पास गोविंदपुरी में प्रॉपर्टी डीलिंग की दुकान है। घर में दूध का व्यवसाय भी है। बबलू रोजाना बड़े भाई दिनेश के चार साल के बेटे गुल्लू को ट्यूटर के पास छोड़ने केके नगर जाता था।
स्कूल के सामने हुई वारदात
हत्या के बाद मौके पर जुटे लोग
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार शाम को 4:15 बजे वो दुकान से घर आया। इसके बाद एक्टिवा से गुल्लू को छोड़ने के लिए गया था। तकरीबन 4:28 बजे घर की तरफ आ रहा था। महर्षिपुरम कालोनी के रोड पर होली पब्लिक स्कूल के सामने बबलू को गोली मार दी गई।
गोली बबलू की कनपटी के पास लगी। बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। जिस समय वारदात हुई, उस समय रास्ते से बड़ी संख्या में लोग निकल रहे थे। घटना का पता चलने पर लोग जुट गए। सूचना पर परिजन भी आ गए। उनमें कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पूर्व पार्षद मुकेश यादव पहुंच गए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बात की।
मौके पर पड़ा मिला एक कारतूस
एसपी सिटी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। इसके बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। घटनास्थल पर एक कारतूस भी पड़ा मिला है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
एसपी सिटी प्रशांत वर्मा का कहना है कि परिजनों ने पूछताछ में बताया है कि दो साल पहले भी बबलू पर जानलेवा हमला हुआ था। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।