आगरा के सिकंदरा क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा गुरु का ताल से ट्रक में मध्य प्रदेश के अशोक नगर जाने के लिए निकले प्रॉपर्टी डीलर हितेंद्र पालीवाल लापता हो गए। परिजन अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं। उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि प्रापर्टी डीलर की तलाश की जा रही है।
हितेंद्र पालीवाल गुरु तेग बहादुर कॉलोनी, सिकंदरा के रहने वाले हैं। पत्नी प्रतिभा ने पुलिस को बताया कि पति को अशोक नगर, मध्य प्रदेश जाना था। इसके लिए 14 अगस्त को घर से निकले थे। पति को गुरुद्वारा गुरु का ताल पर एक ट्रक मिला। वह मध्य प्रदेश जा रहा था। उन्होंने चालक का नंबर ले लिया। इसके बाद हितेंद्र चले गए।
मोबाइल फोन हुआ स्विच ऑफ
प्रतिभा का कहना है कि कुछ घंटों पर उन्होंने पति का मोबाइल नंबर मिलाया, लेकिन वो स्विच ऑफ आया। इसके बाद कई बार मिलाने पर भी नंबर नहीं लगा। इस पर चालक को फोन किया। उसने बताया कि हितेंद्र को अशोक नगर में उतार दिया था। इसके बाद से पता नहीं है।
प्रतिभा ने बताया कि ट्रक चालक उन्हें सही जवाब नहीं दे रहा है। वह हर बार अपना बयान बदल देता है। इससे पति के साथ अनहोनी की आशंका है। उधर, पुलिस का कहना है कि प्रापर्टी डीलर की तलाश की जा रही है। मोबाइल की लोकेशन निकाली जाएगी।