आगरा। शिल्पग्राम की जगह इस बार फतेहाबाद रोड पर आईटीसी होटल्स के चार एकड़ के मैदान में 34वां ताज महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में इस बार 500 स्टॉल लगेंगे जिनमें मंडल के सभी जिलों के एक जिला एक उत्पाद, यूपी हैंडीक्राफ्ट, कालीन, पॉटरी उत्पादों को प्रमुखता मिलेगी। मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को हुई समीक्षा बैठक के दौरान इस संबंध में निर्देश दिए।
कार्यक्रम स्थल का ले आउट देखने के बाद मंडलायुक्त ने 18 से 27 फरवरी के बीच होने वाले कार्यक्रम में स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को ज्यादा से ज्यादा जगह देने पर जोर दिया। स्टॉल का आवंटन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर करने की बात कही। डीएम, नगर आयुक्त व एडीए उपाध्यक्ष को संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने प्रस्तावित मुख्य मंच, कलाकारों के लिए ग्रीन रूम, मीडिया गैलरी, दर्शक दीर्घा, फूड जोन, फन जोन, झूले, फ्लाॅवर शो, प्रदर्शनी स्थान, शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था करने को कहा। बैठक में पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रकाशन, होर्डिंग, कंपोजिट वर्क, इवेंट मैनेजमेंट, पार्किंग आदि संबंधी टेंडर जारी कर दिए गए हैं। बैठक में डीएम अरविंद एम बंगारी, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, सीडीओ प्रतिभा सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हर दिन अलग थीम पर होंगे कार्यक्रम
दस दिवसीय महोत्सव में हर दिन अलग-अलग थीम पर कार्यक्रम होंगे। कवि सम्मेलन व मुशायरा, सूफी, फोक म्यूजिक, थिएटर, लाफ्टर नाइट, बॉलीवुड नाइट, पंजाबी नाइट आदि थीम पर लोकप्रिय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। मंडलायुक्त ने कलाकारों की सूची और कार्यक्रमों की तारीख तय करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि ताज महोत्सव आगरा की पहचान है। आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की व्यवस्था पहले से पुख्ता रखी जाए।