कासगंज। परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों के जिले के अंदर समायोजन की प्रकिया मंगलवार से शुरू हो गई। शिक्षक 10 जुलाई तक अपने आवेदन कर सकेंगे। 19 जुलाई को शिक्षकों को समायोजित कर स्कूलों में तैनाती दी जाएगी।
जिले में 1263 परिषदीय स्कूल संचालित हैं। इन स्कूलों में 1.09 लाख बच्चे शिक्षारत हैं। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत 30 बच्चों पर एक शिक्षक, 45 बच्चों पर दो, 60 बच्चों पर तीन तथा 90 बच्चों पर चार शिक्षकों की जरूरत होती है, लेकिन जिले में कहीं बच्चे अधिक हैं तो शिक्षक कम है, कहीं बच्चे कम हैं तो शिक्षक अधिक है।
सत्र 2023-24 में यू-डायस पोर्टल पर 31 मार्च को उपलब्ध छात्र संख्या के आधार पर आरटीई के नियमों के तहत विद्यालयों की आवश्यकता के अनुरूप शिक्षकों का समायोजन किया जाएगा।अधिक शिक्षक वाले विद्यालयों में शिक्षकों की जिले की नियुक्ति की तिथि के आधार पर कनिष्ठ शिक्षक को अधिक मानते हुए उन्हें चिह्नित किया जाएगा।
वहीं एक ही विषय के दो शिक्षक होने पर कनिष्ठ शिक्षक को अधिक मानते हुए उनका समायोजन किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन पत्रों का सत्यापन जिला स्तरीय समिति करेगी। 10 जुलाई तक शिक्षक अपना आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 18 जुलाई तक सत्यापन की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। 19 जुलाई को शिक्षकों को समायोजित कर तैनाती दी जाएगी।
वर्जन
शासन के निर्देश पर शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया शुरू हो गई। आवेदन के सत्यापन के बाद शासन की गाइड लाइन के आधार पर शिक्षकों का समायोजन होगा।- सूर्य प्रताप सिंह, बीएसए