इस महीने आगरा से दिल्ली और दिल्ली से आगरा आने-जाने वालों के लिए कई मुश्किल आने वाली हैं। 9 और 10 दिसंबर को जहां कई ट्रेन रद्द रहेंगी तो वहीं 15 दिसंबर के बाद ग्रेटर नोएडा पर एक्सप्रेसवे को वनवे किया जाएगा। ऐसे में आपकी यात्रा आरामदायक हो इस पर संशय है।
विज्ञापन
पहले बात रेलवे की। आज या कल अगर आप आगरा से दिल्ली जा रहे हैं या दिल्ली से आगरा आ रहे हैं तो जरा ट्रेनों के बारे में पता कर के ही निकलें। तुगलकाबाद-पलवल ट्रैक पर नॉन इंटरलॉकिंग के काम के कारण रेलवे ने दिल्ली-आगरा रूट पर करीब 40 ट्रेन निरस्त कर दी हैं।
नौ और 10 दिसंबर को उत्तर- मध्य रेलवे क्षेत्र की 40 ट्रेन नहीं चलेंगी। इससे दैनिक यात्रियों के साथ लंबी दूरी के रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ जाएगी। दिल्ली रेल मंडल के तहत तुगलकाबाद-पलवल के बीच चौथी रेल लाइन का काम चल रहा है। उत्तर रेलवे ने 9 और 10 दिसंबर को 126 ट्रेन निरस्त की हैं, जिनमें से आगरा-दिल्ली रूट की 40 ट्रेन शामिल हैं।
इसके अलावा पलवल-शकूरबस्ती ईएमयू, कोसीकलां-नई दिल्ली ईएमयू, पलवल-नई दिल्ली ईएमयू, नई दिल्ली-पलवल ईएमयू, पलवल-अलीगढ़ ईएमयू, अलीगढ़-पलवल ईएमयू, गाजियाबाद-मथुरा जंक्शन ईएमयू व कोसीकलां-हजरत निजामुद्दीन एमईएमयू निरस्त रहेंगी।
वनवे होगा यमुना एक्सप्रेसवे
demo pic
15 दिसंबर से यमुना एक्सप्रेसवे एक माह के लिए वनवे होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ग्रेटर नोएडा से जाते समय जीरो प्वाइंट के पास इसके ऊपर से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के लिए फ्लाईओवर बनाएगा।
एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि डायवर्जन का प्लान बना लिया गया है। सोमवार को ग्रेटर नोएडा जिला प्रशासन, पुलिस और यमुना प्राधिकरण के साथ बैठक में अंतिम रूप दे दिया जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे पर गुजरने वाले वाहन चालकों को पहले से ही जागरूक किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि पहले 15 दिन आगरा से ग्रेटर नोएडा की तरफ आने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन किया जाएगा। उसके बाद ग्रेटर नोएडा से आगरा की तरफ से जाने वाले मार्ग को डायवर्ट किया जाएगा।
डायवर्जन के दौरान कुछ दूरी में एक तरफ से वाहनों का आना-जाना रहेगा। एक तरफ फ्लाईओवर बनने के बाद दूसरी तरफ से डायवर्जन होगा। एक तरफ से वाहनों का आना-जाना रहेगा। बता दें, कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को जुलाई से पहले ही चालू करने का लक्ष्य है। एनएचएआई का दावा है कि इसे अप्रैल में चालू कर दिया जाए। इस फ्लाईओवर के बनने के बाद काम काफी हद तक पूरा हो जाएगा।