किसान को कॉलर पकड़कर खींचते हुए ले गए प्रभारी निरीक्षक
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी के किशनी क्षेत्र में पराली जलाने पर किसानों को जेल भेजे जाने पर विपक्षी दलों ने सख्त रुख अपनाया है। एक ओर जहां कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर इसे गलत बताया है तो वहीं सपा के पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव ने कहा कि किसान इसका बदला लेंगे।
गुरुवार को किशनी क्षेत्र में पराली जलाने पर पांच किसानों को एसडीएम किशनी रामसकल मौर्य ने जेल भेज दिया था। मामले में एक फोटो भी तेजी से वायरल हुआ। इसमें प्रभारी निरीक्षक किशनी एक किसान को कॉलर पकड़कर ले जा रहे थे। मामले को विपक्ष ने आड़े हाथों लिया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इसी फोटो के साथ किए गए ट्वीट में कहा है कि किसान का वोट कानून और पराली गैर कानूनी। उन्होंने ये भी कहा है कि आखिर असली जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी।
वहीं दूसरी ओर सपा के पूर्व सांसद और मुलायम सिंह के पौत्र तेजप्रताप यादव ने भी ट्वीट कर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने लिखा है कि किसानों को जेल में डालने वाली भाजपा सरकार को सबक सिखाने के लिए किसान तैयार हैं। जल्द ही बिहार इसका उदाहरण पेश करेगा और फिर समूचा देश।