नंदिनी की जिद पर वापस मंच पर पहुंचीं प्रियंका
लड़की हूं लड़ सकती हूं। प्रियंका गांधी के इस संवाद कार्यक्रम का मुख्य स्लोगन था, लेकिन भीड़ में मौजूद एक बालिका ने इस स्लोगन को साबित करके दिखा दिया। उसकी जिद के बाद प्रियंका गांधी को मंच पर वापस आना पड़ा। प्रियंका गांधी ने उसके सभी सवालों के जवाब भी दिए।
संवाद कार्यक्रम को पूरा करने के बाद प्रियंका गांधी मंच से उतरीं और जनता का अभिवादन कर गाड़ी की ओर जाने लगीं। तभी सिरसागंज के गांधी मंडी निवासी नंदिनी ने मंच पर पड़ा माइक उठा लिया और कहा कि आपको मेरे सवालों का जवाब देना होगा क्योंकि में लड़की हूं और लड़ सकती हूं। नंदिनी का हौसला देख प्रियंका गांधी को वापस आना पड़ा।
नंदिनी ने प्रियंका गांधी से सवाल किए कि गांव की बालिकाओं को पढ़ाई के लिए सुबह आना पड़ता है उनके लिए आप क्या करेंगी, साथ ही किसानों के मुद्दे पर भी नंदिनी ने सवाल पूछे। इसके बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी सरकार बनी तो बालिकाओं को स्कूटी और किसानों को उनका पूरा हक मिलेगा। ये वादा कांग्रेस के मैनिफेस्टो में भी शामिल है। इसके बाद प्रियंका गांधी ने नंदिनी के साथ सेल्फी ली।
खुर्शीद ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
सिरसागंज की सभा में पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद भी पहुंचे। उन्होंने प्रेसवार्ता में प्रियंका के ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ कार्यक्रम की सराहना की। कहा कि महिलाओं को इसके जरिए अपनी बात रखने का मौका मिल रहा है। प्रदेश की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महज वादों से किसानों और महिलाओं का हित नहीं किया जा सकता। भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था ठीक नहीं है। यह सरकार युवाओं को रोजगार तक मुहैया नहीं करा सकी।
पूनम पांडेय भी नजर आईं
किसान आंदोलन में अपने चिर परिचित अंदाज में नजर आने वाली पूनम पांडेय भी सभा में नजर आई। उनको पहचानते ही लोगों की भीड़ ने घेर लिया। पूनम पांडेय ने बताया कि वह लखनऊ से लौट रहीं थीं कि उन्हें प्रियंका दीदी की जनसभा का पता लगा तो वे चली आईं।