आगरा में डग्गामार एंबुलेंस चालकों से कमीशन लेकर मरीज भेजे जा रहे हैं। मरीज भेजने पर अस्पताल स्टाफ को एंबुलेंस चालक 25 फीसदी तक कमीशन दे रहे हैं। अस्पताल का स्टाफ बनकर की गई बातचीत में दो एंबुलेंस से मरीज भेजने पर कमीशन की सौदेबाजी तय हुई।
इसमें दिल्ली के एक अस्पताल में मरीज ले जाने के लिए एसी एंबुलेंस के छह हजार रुपये किराये में से 1500 रुपये मांगे गए, लेकिन चालक 1000 रुपये देने को ही तैयार हुआ। दूसरे एंबुलेंस चालक से बात की तो वो 1500 रुपये देने को राजी हो गया। इस खेल में राजस्थान, मध्यप्रदेश के एंबुलेंस चालक भी शामिल हैं, जिनका रैकेट यमुनापार, सिकंदरा, बोदला, देवरी रोड सहित शहर भर के अस्पतालों तक है।
एंबुलेंस चालक से बातचीत के अंश
स्टाफ : हेलो, एंबुलेंस वाले ...... भइया बोल रहे हो। एंबुलेंस चाहिए।
चालक : हां, बोल रहा हूं, कहां जाना है मरीज ?
स्टाफ : दिल्ली के अस्पताल में।
चालक : कैसी एंबुलेंस चाहिए ?
स्टाफ : एसी..।
चालक : छह हजार रुपये लगेंगे।
स्टाफ : हमारा कितना होगा ?
चालक : 500 रुपये ले लेना।
स्टाफ : दूसरी एंबुलेंस वाला 1500 रुपये दे रहा है।
चालक : पेट्रोल-डीजल के दाम रोज बढ़ रहे हैं, 1000 रुपये ले लेना।
स्टाफ: नहीं, 1500 रुपये ही चाहिए
चालक: 1000 रुपये ले लेना, तुम राजी हो तो हां करो, ना तो कोई बात नहीं।
दूसरे एंबुलेंस चालक से बातचीत
चालक : नमस्कार भइया, दिल्ली मरीज ले जाने को फोन किया था।
स्टाफ : हां,
चालक : कौन से हॉस्पिटल से जाना है मरीज ?
स्टाफ : भगवान टॉकीज क्षेत्र के अस्पताल से, पैसे नगद चाहिए, 1500 रुपये।
चालक: ठीक है ले लेना, कितनी देर में जाएगा मरीज।
स्टाफ : दो घंटे बाद।
चालक : ठीक है पास में ही हूं, फोन कर देना थोड़ी देर में आ जाऊंगा।
एंबुलेंस सीज करने की मांग करेंगे
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) आगरा के अध्यक्ष डॉ आरएम पचौरी ने बताया कि एंबुलेंस माफिया का गिरोह है, जो मरीज को भर्ती कराने, शिफ्ट कराने में मोटा कमीशन लेते हैं। डीएम-आरटीओ को पत्र लिखकर डग्गेमार एंबुलेंस को सीज करने की मांग करेंगे। आईएमए की बैठक बुलाकर, कमीशनखोर कर्मचारियों को चिह्नित कर उसकी सेवाएं समाप्त करने को भी कहेंगे।
दो दिन में चलेगा अभियान
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) अनिल कुमार ने कहा कि डग्गामार एंबुलेंस के खिलाफ दो दिन में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए टीम बना रहा हूं। पिछले अभियान में जिन एंबुलेंस पर कार्रवाई की गई, उनका भी रिकार्ड तैयार किया जा रहा है।