आगरा। जिला जेल में कैदी अब वायरिंग, प्रेस, पंखा और कूलर की रिपेयरिंग का काम सीखेंगे। बंदियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय और जन शिक्षण संस्थान की ओर से 10 दिवसीय इलेक्ट्रॉनिक्स और वायरिंग, कूलर, पंखा, प्रेस आदि की रिपेयरिंग के प्रशिक्षण शुरू किया गया है।
जिला कौशल विकास प्रबंधक सुनील यादव, अमित धाकरे के नेतृत्व में मंगलवार को जन शिक्षण संस्थान के संचालक कमल सिंह, एनएच. अंसारी और भीम सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बताया कि प्रशिक्षण के लिए बंदियों के दो बैच बनाए गए हैं। प्रत्येक बैच में 20-20 बंदी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण पूरा होने पर प्रतिभागी बंदियों को कौशल विकास उद्यमिता का प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस मौके जेल अधीक्षक हरिओम शर्मा, जेलर राजेश कुमार राय, देवदर्शन सिंह, उपजेलर अंजनी कुमार, संदीप भास्कर, संदीप कुमार, मनोज कुमार शुक्ला, रजनीश कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।