-वृद्धा ने कहा कि गिरा दिया मकान, एसडीएम से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
भोगांव। गांव रकरी की रहने वाली एक वृद्धा ने एक प्रधान और उसके पति पर पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसडीएम को दी शिकायत में कहा कि उसका घर बुलडोजर से गिरा दिया गया। एसडीएम ने मामले की जांच तहसीलदार को सौंपी है।
थाना क्षेत्र के गांव रकरी निवासी 75 वर्षीय शांति देवी ने डीएम को भेजी गई एक शिकायत में एक प्रधान व उसके पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया कि पति नेत्रहीन हैं। पूर्वजों ने कई वर्ष पूर्व गांव में एक प्लाॅट खरीदा था। उस पर मकान बनाकर वह लोग रह रहे थे। एक ग्राम प्रधान व उसके पति ने पद का दुरुपयोग करते हुए, उसके मकान को बुलडोजर से तोड़ दिया। कहा कि यह जगह आंबेडकर पार्क की है। वह लोग पैतृक भूमि पर आंबेडकर की मूर्ति लगवाने पर आमादा हैं। कई बार मना किए जाने के बावजूद वह लोग मान नहीं रहे हैं। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम संध्या शर्मा ने नायब तहसीलदार सोनू बघेल को जांच के लिए भेजा है।