मैनपुरी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक जिला मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह के आवास पर रविवार को आयोजित हुई। बैठक में अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान और प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार 16 दिसंबर से शिक्षक समस्याओं को लेकर आंदोलन की शुरूआत करने का निर्णय लिया गया। प्रथम चरण का आंदोलन ब्लॉक स्तर से होगा।
जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने बताया कि शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा जारी माह में ब्लॉक से लेकर जिले एवं प्रदेश में धरना प्रदर्शन का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया गया है। जिससे पुरानी पेंशन समेत विभिन्न मांगों को लेकर सरकार को घेरा जा सके। उन्होंने बताया कि सरकार शिक्षकों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है अत: शिक्षकों को आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ रहा है।
जिला संयोजक केपी सिंह ने बताया कि जिले में 16 दिसंबर को बरनाहल, 17 दिसंबर को मैनपुरी, 18 दिसंबर को घिरोर, 20 दिसंबर को किशनी, 21 दिसंबर को सुल्तानगंज, 22 दिसंबर को करहल, 23 दिसंबर को कुरावली, 24 दिसंबर को जागीर और 26 दिसंबर को बेवर में धरना प्रदर्शन होगा। ऑडिटर अबलेंद्र यादव ने बताया कि प्रस्तावित तिथियों में शिक्षक विभिन्न विकास खंडों की बीआरसी पर धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में धरना प्रदर्शन में शिक्षकों को प्रतिभाग करने की अपील की।
बैठक में एमपी सिंह, सत्यवीर सिंह, दलवीर कठेरिया, योगेश कुमार, डॉ. कमलेश यादव, डॉ. आलोक शाक्य, कौशल गुप्ता, मुकेश जिंदगी, महेश आर्य, जितेंद्र कुमार, व्योम सक्सेना, ओसपाल, वैभव यादव, दिनेश यादव, हर्शेंद्र राजपूत, प्रदीप कुमार, नंदलाल, रक्षपाल शाक्य, मेघ सिंह, अशोक पाल, सुदीप पांडेय, महेंद्र शाक्य, अमित बैस, राजीव गुप्ता, अभय चौधरी, दीनदयाल, अशोक शंखवार, डॉ. मनोज यादव, सचींद्र चौहान उपस्थित रहे।