टूंडला। यमुना की खादर में बने माता सीयर देवी मंदिर के महंत को दबंगों ने पीटा। जबरन दानपेटी से कैश निकालकर ले गए। घटना को लेकर ट्रस्ट अध्यक्ष ने पुलिस में शिकायत की है।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र के माता सीयर देवी आश्रम पर कालीदास महंत हैं। वह मंदिर परिसर में बने आश्रम में निवास करते हैं। महंत के मुताबिक बुधवार शाम करीब पांच बजे आश्रम पर बैठे हुए थे। तभी तीन नकाबपोश लोग आए और गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो पिटाई कर दी। महंत के मुताबिक तीनों लोग शराब के लिए रुपये मांग रहे थे। रुपये न देने पर मारपीट करते हुए दानपेटी की चाबी छीन ली और उसमें से चढ़ावे के रुपये निकालकर ले गए।
उन्होंने बताया कि उन्होंने एक व्यक्ति को पहचान लिया है। घटना की जानकारी पर पहुंचे ट्रस्ट अध्यक्ष कपूरचंद्र ने मामले को लेकर पुलिस को अवगत कराया है। उनका कहना है कि आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।