कासगंज में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। एक दिन पूर्व कोरोना रिपोर्ट में 6 लोग कोरोना संक्रमित पाए। जिनमें से एक मरीज को संक्रमण अधिक होने के कारण अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। वहीं बुधवार को दो और कोरोना के मरीज निकले।
बढ़ रही संक्रमितों की संख्या
पिछले 15 दिनों से लगातार कोरोना संक्रमित निकल रहे हैं, लेकिन लापरवाही बरकरार है। लोग बढ़ते संक्रमण की अनदेखी कर रहे हैं। यहां तक कि जिला अस्पताल में पहुंचने वाले मरीज भी मास्क नहीं लगाते। अस्पताल प्रशासन भी लोगों को इस बारे में नहीं चेता रहा। मास्क लगाना लोग पूरी तरह से भूल गए हैं। अब यदाकदा ही लोग मास्क लगाए नजर आते हैं। जबकि वायरल बुखार से बचाव में भी मास्क सहायक है।
हर जगह दिख रही लापरवाही
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सभी जगह यह लापरवाही बरकरार है। धार्मिक आयोजनों में भी लोग जागरूक नहीं हैं। बाजारों में भी हर जगह यही लापरवाही का आलम दिखाई दे रहा है। ऐसे में कोरोना संक्रमण कभी भी तेजी पकड़ सकता है।
सतर्कता बरतनी जरूरी
सीएमओ डॉ. अवध किशोर ने बताया कि कोरोना के लगातार मामले निकल रहे हैं। लोगों को सतर्कता बरतनी जरूरी है। लोग मास्क लगाएं और जागरूक रहें। जिससे संक्रमण तेजी न पकड़ सके।