एटा। शहर किनारे बसी नई आबादी को नगर पालिका एटा की जद में लाने की तैयारी चल रही है। सीमा विस्तार का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। जिसे 11 जून को बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा। यहां से स्वीकृत होता है तो शासन में भेजा जाएगा। प्रस्ताव पास होने के बाद नगर पालिका क्षेत्र में करीब 50 हजार की आबादी शामिल की जा रही है।
नगर पालिका परिषद की वित्तीय वर्ष 2021-22 की बोर्ड बैठक 11 जून को होनी है। इसमें कई अहम प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। सबसे बड़ा प्रस्ताव नगर पालिका सीमा विस्तार का है। जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। अगर इस प्रस्ताव पर मुहर लगती है तो शहर के आस-पास के इलाके में बसी नई बस्तियों को शामिल कर लिया जाएगा। जिससे नगर पालिका में करीब 50 हजार की आबादी बढ़ सकती है। अभी पालिका में 1.18 लाख आबादी शामिल है।