आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में 1 मई 2026 को गुजरात स्थापना दिवस मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्यपाल सचिवालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के तहत कुलपति प्रो. आशु रानी के मार्गदर्शन में विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपते हुए कई कार्यक्रम तय किए हैं।
कार्यक्रमों के तहत गरबा, रास व सांस्कृतिक नृत्य आयोजित होंगे। वहीं, साइकिल रैली, दोपहिया रैली और पदयात्रा के माध्यम से पर्यावरण और स्वास्थ्य का संदेश दिया जाएगा। छात्रों को ऐतिहासिक स्थलों, संस्थानों, डेयरी व गन्ना मिलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। सामाजिक गतिविधियों में गोद लिए गए गांवों में स्वच्छता अभियान, एचपीवी वैक्सीनेशन और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं। इसके साथ ही सामुदायिक रेडियो के माध्यम से टीबी पोषण पोटली वितरण भी किया जाएगा। कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। कुलसचिव अजय मिश्रा ने सभी विभागों को कार्यक्रम आयोजित कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।