कासगंज। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ पाने के लिए इंतजार कर रही गर्भवती महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। इन महिलाओं को जल्द ही योजना का लाभ मिलने लगेगा। शासन से बाल विकास विभाग को लॉग इन आईडी उपलब्ध करा दी गई है। मुख्य सेविकाओं को मंगलवार को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा।शासन से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण देने के लिए वर्ष 2017-18 से स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से प्रधानमंत्री मातृ वंंदना योजना का संचालन शुरू किया गया। मार्च 2023 में पोर्टल को बंद कर दिया गया। जिससे काफी संख्या में महिलाएं योजना का लाभ पाने से वंचित रह गई। इस योजना के पोर्टल को 2.0 नाम देकर 15 अक्टूबर 2023 को चालू किया गया। इसके बाद लांच किए गए नए पोर्टल में दिक्कत आने से आवेदन करने में भी बाधा आती रही। शासन से 29 मार्च 2024 को इस योजना को महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया। योजना के हस्तांतरण से पोर्टल बंद हो गया। जिसके चलते शासन स्तर से धन का हस्तांतरण भी नहीं किया जा सका। पोर्टल बंद होने से आवेदन प्रक्रिया बंद हो गई। तीन माह के बाद शासन से बाल विकास विभाग को लोग इन आईडी उपलब्ध कराई जा चुकी है। डीपीओ के प्रशिक्षण का कार्य हो चुका है। मुख्य सेविकाओं को मंगलवार को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिससे वे योजना का कार्य आसानी से कर सकें।