ट्रेन में गर्भवती को उठा प्रसव दर्द, सीएचसी में गूंजी किलकारी
अछनेरा (आगरा)। खजुराहो एक्सप्रेस से जयपुर के फुलेरा जा रहे एक परिवार के लिए मंगलवार की शाम खुशियों की सौगात लेकर आई। सफर के दौरान एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। रेलवे और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित सक्रियता के चलते महिला को समय पर अछनेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया।
रघुवीर सिंह अपनी पत्नी मधु, पिता गुलाब सिंह और माता सुमित्रा देवी के साथ खजुराहो एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। रास्ते में अचानक मधु को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। परिजन ने ट्रेन को अछनेरा स्टेशन पर रुकवाया और महिला को तुरंत अछनेरा सीएचसी लेकर पहुंचे। मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे मधु को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शाम 7:35 बजे मधु ने एक बेटे को जन्म दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि प्रसव पूरी तरह सामान्य रहा।