फिरोजाबाद में 20 दिसंबर को जुमे की नमाज के बाद हुए उपद्रव से सुहाग नगरी अब उबर चुकी है। कांच के कारखानों, गोदामों व दुकानों में चूड़ियां खनक रही हैं। हालांकि नए साल के पहले जुमा पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन बेहद चौकन्ना रहा।
कड़ी सुरक्षा के बीच जामा मस्जिद सहित शहर की सभी प्रमुख मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई। नमाजियों ने शहर के साथ पूरे मुल्क में अमन-चैन कायम रहने की दुआ की। सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद में मौलाना शम्शी ने नमाज अदा कराई।
जुमा की नमाज को ध्यान में रखते हुए ही डीएम चंद्र विजय सिंह, एसएसपी सचिंद्र पटेल, एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने फोर्स के साथ थाना रसूलपुर पर डेरा डाल लिया था। आईजी जोन ए सतीश गणेश एसपी सिटी कार्यालय पर कैंप किए रहे।