विकलांगों को बांटे दो हजार उपकरण
मोती कटरा निवासी राजीव डागा अमेरिका में करीब 25 साल से रह रहे हैं। वहां आभूषण और शेयर के कारोबार से जुड़े हैं। वह आगरा की महावीर विकलांग सेवा संस्था से जुड़े हैं। विकलांगों के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। हर साल आगरा आते हैं। उन्होंने बीते वर्ष आगरा में एक शिविर लगाकर दो हजार से ज्यादा विकलांगों को अलग-अलग उपकरणों का निशुल्क वितरण करवाया था। इसके अलावा जल्द उनके लिए एक स्वास्थ्य केंद्र भी खोलने की योजना है।
स्पेन जैसी व्यवस्था बनाने की कवायद में ललित
मारुति एस्टेट निवासी ललित लालवानी 16 सालों से स्पेन में बसे हुए हैं। वहां आभूषणों का कारोबार है। समय-समय पर घर आते रहते हैं। उन्हें यहां की गंदगी और यातायात की व्यवस्था कचोटती है। वह शहर की तस्वीर को बदलने की कोशिश में जुटे हुए हैं। उनका कहना है कि वह एनजीओ बनाएंगे, जिसमें स्थानीय लोगों की टीम बनाई जाएगी। वे लगभग हर रोज लोगों में जागरूकता लाने की कोशिश करेंगे। इसके बाद नगर निगम और पुलिस के साथ मिलकर स्पेन की व्यवस्था को लागू करने का प्रयास करेंगे।
गाय से लगाव खींच लाता है रुंजन को शहर
कमला नगर निवासी रुंजन गांधी का परिवार कई वर्षों पहले अमेरिका चला गया था। रुंजन का जन्म वहीं हुआ। इस समय वह एक ऑटोमोबाइल कंपनी में ऊंचे पद पर कार्यरत हैं। शहर के प्रति लगाव यह है कि हर साल आगरा आना होता है। उनका कहा है कि उन्हें गायों से लगाव है, यहां आकर हर बार गोशाला में दान देने की परंपरा बन गई है। यहां पर गायत्री परिवार से भी जुड़ गई हैं। गायों की सेवा करती हैं। हिंदू संस्कृति और गायत्री परिवार का प्रचार प्रसार भी करती हैं।