ताजमहल के अंदर बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं ने शनिवार को भगवा रामनामी दुपट्टा पहनकर प्रवेश किया। इसे फोरकोर्ट में रॉयल गेट के सामने लहराया। सुबह कार्यकर्ताओं ने पूर्वी और दक्षिणी गेट पर प्रदर्शन कर ताज के अंदर प्रवेश करना चाहा था, लेकिन पुलिस ने बेरिकेडिंग कर दी और पूर्वी गेट बैरियर पर ही रोक दिया। बाद में कुछ कार्यकर्ता टिकट खरीदकर अंदर गए। उन्होंने ताज के अंदर भगवा रामनामी दुपट्टे के साथ फोटो खिंचवाए। ताजमहल के 500 मीटर के अंदर बैरियर पर प्रदर्शन के बाद भी ताज सुरक्षा पुलिस ने चुप्पी साधे रखी और किसी तरह की कार्रवाई से इनकार किया।
बता दें कि बुधवार को ताज पर 34 देशों की मॉडलों के आने पर भगवा दुपट्टा जांच के दौरान गेट पर ही उतरवा दिया गया था। इसके विरोध स्वरूप विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने ताजमहल में भगवा रामनामी दुपट्टे के साथ ताज में प्रवेश का एलान किया था। प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस ने पहले ही पूर्वी गेट और दक्षिणी गेट पर सुरक्षा बढ़ा दी थी। पूर्वी गेट पर पाठक प्रेस के सामने बैरियर पर पुलिस ने उन्हें रोका। पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों का हवाला देकर कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन समाप्त कराया। एएसआई अधीक्षण पुरातत्वविद् डा. भुवन विक्रम को कार्यकर्ताओं ने बैरियर पर ही ज्ञापन सौंपा।
इस बीच कई कार्यकर्ता टिकट खरीदकर ताज के अंदर प्रवेश कर गए। भगवा दुपट्टे के साथ सेल्फी ली और फोरकोर्ट में भगवा रामनामी दुपट्टा लहराकर फोटो खिंचवाए। इस दौरान सीआईएसएफ और पुलिस मूक दर्शक रही। एएसआई अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी रंग के कपड़े पहनकर ताज में प्रवेश पर कोई प्रतिबंध नहीं है। एएसआई एक्ट में जो वस्तुएं प्रतिबंधित हैं, केवल उनको रोका जाता है। प्रदर्शन में विहिप के राजेंद्र गर्ग, दीपक अग्रवाल, राजीव शर्मा, सुरेंद्र चौधरी, मदन वर्मा, सुनील पाराशर, दिग्विजय नाथ तिवारी, बंटी ठाकुर, बांके बिहारी अग्रवाल, प्रदीप दंडौतिया, योगेश वर्मा, गजेंद्र बघेल, धर्मेंद्र आसौलिया, गोविंद पाराशर आदि मौजूद रहे।
पुलिस की नजर में पूर्वी गेट बैरियर 500 मीटर दूर
ताजमहल पूर्वी गेट पर पाठक प्रेस के सामने ताज सुरक्षा का बैरियर है, जो महज 100 मीटर दूर है। विहिप, बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने यहां प्रदर्शन और नारेबाजी की, लेकिन सीओ ताज सुरक्षा प्रभात कुमार के मुताबिक विहिप, बजरंग दल और शिवसैनिकों ने ताज के प्रतिबंधित 500 मीटर दायरे के बाहर ही प्रदर्शन किया है।
शिवसैनिक भी पहुंचे ताज के अंदर
विहिप-बजरंग दल के साथ शिवसेना के कार्यकर्ता भी ताजमहल के अंदर पहुंचे। पूर्वी गेट पर पुलिस ने उन्हें रोका, लेकिन हंगामे के बाद उन्हें ताज में प्रवेश दिया गया। शिवसेना आगरा प्रमुख वीनू लवानियां के नेतृत्व में विरोध के लिए शिवसैनिकों ने भगवा कपड़े पहनकर फोटो भी खिंचवाए। सुरेश प्रजापति, राकेश सचदेवा, ब्रज बिहारी पांडेय, बृजेश गौतम, श्रीभगवान गुप्ता, बबलू दिवाकर, महिपाल सिंह, राकेश प्रजापति आदि मौजूद रहे।