मैनपुरी। विद्युत वितरण निगम के अभियंताओं ने प्रबंधन पर बिना संसाधनों के कार्य कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन की लापरवाही का खामियाजा केवल अभियंता ही नहीं जनता भी भुगत रही है। बृहस्पतिवार को उन्होंने ऊर्जा मंत्री को ज्ञापन भेजकर समाधान कराने की मांग की है।
सर्किल कार्यालय में बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ की बैठक हुई। इसमें अभियंता संघ के सदस्यों ने कहा कि विद्युत प्रबंधन की अदूरदर्शिता के चलते समस्याएं आ रही हैं। एक ओर जहां बिना संसाधनों के कार्य करने के बाद अभियंताओं को दंडित किया जा रहा है तो वहीं तकनीकी के नाम पर उन्हें समस्याओं में धकेला जा रहा है। उन्होंने बताया कि एकमुश्त समाधान योजना लागू हुए दस दिन हो चुके हैं, इसके बाद भी अब तक एम पॉवर पोर्टल शुरू नहीं हो सका है। इतना ही नहीं योजना में पंजीकरण में कई आंकड़े दर्ज न होने से उपभोक्ता भी परेशान हैं।
घंटो लाइन में लगे रहने के बाद वे खाली हाथ ही लौट जाते हैं। सदस्यों ने कहा कि एकमुश्त समाधान योजना में लक्ष्य पूरा न होने पर प्रबंधक ठीकरा अभियंताओं पर ही फोड़ेगा। उन्होंने प्रबंधक पर कई पोर्टल ऊंची कीमतों पर खरीदकर निगम को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने ऊर्जा मंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर निस्तारण किए जाने की मांग की है। इस दौरान अधीक्षण अभियंता अतुल अग्रवाल, अधिशासी अभियंता मागेंद्र कुमार अग्रवाल, आशीष गुप्ता, जीसीएल भटनागर, एसडीओ सत्यनारायण, नरेंद्र कुमार वर्मा, रजत शुक्ला, दिलीप भारती, संजीव यादव, एंद्र कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।