सिविल लाइन उपकेंद्र क्षेत्र में बिजली कटौती ने किया बेहाल
-मरम्मत कार्य तो कहीं फाल्ट के चलते बाधित रही बिजली आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। गर्मी शुरू होते ही बिजली कटौती लोगों की परेशानी का कारण बनने लगी है। रविवार को सिविल लाइन विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में बिजली कटौती के चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। विद्युत निगम के अधिकारी मरम्मत कार्य तो कहीं फाल्ट की बात कहते रहे।
सुबह 11 बजे से ही कलेक्ट्रेट रोड, श्मशान घाट रोड और एनआईसी रोड की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। विद्युत निगम की ओर से सूचना दी गई कि बिजली लाइनों और उपकरणों की मरम्मत के लिए आपूर्ति बंद कराई गई है। शाम 5 बजे के बाद आपूर्ति शुरू कराए जाने की सूचना दी गई।
वहीं आवास विकास के सेक्टर पांच, आंशिक राधारमन रोड पर भी बिजली कटौती दिन भर जारी रही। लगभग चार घंटे तक यहां भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे गए। विद्युत निगम के अधिकारी जल्द आपूर्ति शुरू होने की बात कहते रहे।
उप खंड अधिकारी पदम गर्ग का कहना है कि गर्मी अधिक हो इससे पहले ही विद्युत निगम मरम्मत कार्य कर रहा है। इसी के चलते आपूर्ति बाधित रही। शाम को कार्य के बाद आपूर्ति शुरू करा दी गई है।