भीषण गर्मी से बेहाल शहरवासियों की बिजली कटौती ने और परेशानी बढ़ा दी। रविवार को आधी रात के बाद टोरंट पावर की सप्लाई अचानक बंद हो गई। अघोषित कटौती से लोग बिलबिला गए। लगभग दो घंटे तक पसीने से तर बतर लोग करवटें बदलते रहे। उधर, गुस्साए लोगों ने बोदला-सिकंदरा रोड जाम कर दी। यहां बिजली न होने से पानी की सप्लाई भी बंद रही। मौके पर पहुंचे जलकल अधिकारियों ने समझाबुझा कर उन्हें शांत किया।
रविवार की रात 3.25 बजे शहरभर की बिजली अचानक गुल हो गई। गहरी नींद में सो रहे लोग पसीने से तरबतर हो गए और नींद उड़ गई। इस बीच कुछ लोगों ने टोरंट के दफ्तर में फोन कर जानकारी करनी चाही तो कुछ पता नहीं चला। काफी देर तक वे बिजली आने का इंतजार करते रहे। सोमवार सुबह लगभग 5.25 बजे बिजली आई। तब तक लोग काफी परेशान रहे।
इधर, बिजली कटौती की वजह से जगदीशपुरा क्षेत्र निवासियों का गुस्सा फूट गया। यहां पेयजल सप्लाई नहीं हुई थी। आक्रोशित लोगों ने सुबह साढ़े नौ बजे बोदला-जगदीशपुरा रोड पर जाम लगा दिया। वे काफी देर तक हंगामा करते रहे। प्रदर्शनकारियों ने पानी न आने की भी समस्या रखी। भीषण गर्मी में वे लगभग दो घंटे तक वहीं डटे रहे। मौके पर पहुंचे जलकल अधिकारियों ने उन्हें समझा बुझाकर जाम खुलवाया। इस बीच बोदला-जगदीशपुरा रोड पर राहगीर धूप में ही तपते रहे।
देर से पहुंचे दफ्तर
बिजली कटौती की वजह से सो न पाने के कारण अधिकांश लोगों की दिनचर्या ही बिगड़ गई। बहुत से लोग ऑफिस भी देर से पहुंचे।
ताजमहल को नुकसान
बिजली कटौती होने पर लोग जेनरेटर का सहारा लेते हैं। इससे प्रदूषण बढ़ता है। प्रदूषण से ताजमहल को नुकसान हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि आगरा में विद्युत की निर्बाध आपूर्ति की जाए।
...और बढ़ेगा संकट
पारा 46 डिग्री पहुंचते ही बिजली ने परेशान करना शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में बिजली संकट और गहराएगा। ओवरलोडिंग के साथ-साथ अब फॉल्ट भी बढे़ेंगे। ऐसे में लोगों को सूरज की तपिश के साथ अब बिजली के कहर से भी जूझना होगा।
ओवरलोडिंग के चलते ट्रांसमिशन से ही कटौती की गई थी। इसमें टोरंट का कोई फॉल्ट नहीं था।
- भूपेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, टोरंट