लापता हुए आलू किसान का शव शनिवार को खेत किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। सिर और हाथ में चोट के निशान मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और छानबीन शुरू कर दी है।
सेमरा-खंदौली मार्ग पर शनिवार की दोपहर नगला लोधा गांव के आलू किसान रविंद्र (30) का शव मिला। पुलिस और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने जांच की। पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में ले रखा है।
बताया गया है कि आलू किसान रविंद्र पुत्र सोनपाल सिंह शुक्रवार की शाम घर से निकला था। देर रात तक जव वह नहीं लौटा, तो परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन, मोबाइल बंद आ रहा था। आसपास के गांवों में भी उसकी तलाश की गई लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं लगा।