कासगंज। बाजार में आलू, प्याज सहित हरी सब्जियों पर तेजी का असर है। आलू जहां 30 रुपये किलो तक के भाव पर पहुंच गया है तो प्याज 50 रुपये किलो के भाव पर बिक रही है। हरी सब्जियों की कीमतों में भी काफी उछाल आया है। कीमतों में तेजी पैदावार पर असर पड़ना माना जा रहा है।
आलू की पैदावार इस साल काफी कम हुई है। जिससे कोल्ड स्टोर खाली रह गए। कम पैदावार होने से एक माह से कोल्ड से लगातार आलू की निकासी हो रही है। सीजन में 8 रुपये किलो बिकने वाला आलू लगातार तेज होता जा रहा है। इस समय 30 रुपये किलो तक इसकी कीमत पहुंच चुकी है। प्याज की कीमतों में भी इस समय काफी उछाल आया हुआ है। 15 दिन पहले तक प्याज 20 रुपये किलो के भाव पर बिक्री हो रही थी। अब इसकी कीमतें 50 रुपये किलो तक पहुंच गई हैं। हरी सब्जियों में भिंडी, लौकी, तोरई, अरबी, गोभी, टिंडे, बैंगन, शिमला मिर्च की कीमतों में तेजी का रुख है। ये सब्जियां भी 15 दिन में दुगनी से अधिक महंगी हो चुकी है। कीमतों में इस तेजी की वजह जिले में पिछले दिनों पड़ी गर्मी को माना जा रहा है। उत्पादन पर असर पड़ने से बाजार में इन सब्जियों की आवक प्रभावित हुई है।