कासगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से भूमि को बचाने के नाम पर 45 लाख रुपये की ठगी की गई है। ठगी करने वालों ने खुद को एनएचएआई का अफसर बताया। आरोपियों के खिलाफ सोरोंजी कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
ठगी के शिकार गांव तकुआवर निवासी थान सिंह ने बताया कि उनकी जमीन राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की परियोजना के लिए अधिग्रहित हुई थी। भूमि अधिग्रहित होने की जानकारी तालेवर एवं नितिन निवासी नगला सुर्जी को हुई तो उन्होंने थान सिंह से संपर्क कर कहा कि भूमि को अधिग्रहण से मुक्त करा सकते हैं। एनएचएआई के अधिकारियों से संबंध है। इस काम के लिए पहले 50 हजार रुपये लिए। इसके बाद मनमोहन अग्रवाल निवासी कासगंज, तालेवर, नितिन और योगेश सिंह निवासी अलीगढ़ ने एनएचएआई का अधिकारी बनकर फर्जी नक्शे व एनओसी दिखाकर धनराशि हड़प ली। जब भूमि अधिग्रहण से मुक्त न होने की जानकारी हुई तो आरोपियों ने पैसे वापस नहीं किए। पीड़ित ने पुलिस को लेनदेन के वीडियो, ऑडियो व चैटिंग की जानकारी दी है। सदर सीओ आंचल का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।