एटीएम के बाहर तैनात वर्दी पहने खड़े गार्ड पर भरोसा नहीं करें। गार्ड के रूप में ठग भी यहां पहुंच रहे हैं। आगरा में ऐसे ही ठग ने महिला का डेबिट कार्ड बदलकर 60 हजार रुपये उड़ा लिए।
आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में खुद को एटीएम का गार्ड बताकर युवक ने महिला का डेबिट कार्ड बदल लिया। इसके बाद छह बार में खाते से 60 हजार रुपये निकाल लिए। जगदीशपुरा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
गोकुल नगर की मंजय जैन ने पुलिस को बताया कि 27 फरवरी को वह अपनी बेटी श्रेयांशी जैन का डेबिट कार्ड लेेकर मारूती एस्टेट चौराहा स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गई थीं। दो लोग केबिन के अंदर मौजूद थे। एक आरोपी ने खुद को गार्ड बताया। उन्होंने मशीन में कार्ड लगाकर पिन डालकर दस हजार रुपये निकाल लिए। दूसरी बार में रुपये नहीं निकले।
इतने में गार्ड बताने वाले युवक ने मशीन कार्ड से निकालकर उनके हाथ में दे दिया। वह अपने घर लौट गईं। 30 मिनट बाद ही बैंक से उनकी बेटी के फोन पर कॉल आई। बताया कि खाते से सात बार में एटीएम से 70 हजार निकाले गए हैं। यह सुनकर बेटी परेशान हो गई। पर्स से डेबिट कार्ड निकालकर देखा तो उनका नहीं था।