कासगंज। जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक संपन्न हुई। जिसमें जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि पोषण ट्रैकर एप पर संभव अभियान 5.0 के तहत बच्चों का वजन, माप व अन्य बिंदुओं की जानकारी समयबद्ध तरीके से दी जाए। बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुपोषित बच्चों का चिह्नांकन कर उनके स्वास्थ्य प्रबंधन हेतु जिला अस्पताल के एनआरसी वार्ड में भर्ती कराया जाए। कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग के पेयरिंग स्कूलों के सर्वे का कार्य खंड शिक्षा अधिकारी व बाल विकास परियोजना अधिकारी दो दिन के अंदर पूरा करें। आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में कायाकल्प के तहत 75 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी सचिन ने कहा कि अभियानों के संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही न की जाए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक मंजूर अहमद अंसारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशीला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।