पांटून पुल बनने से आगरा के लोग फिरोजाबाद के कांच उद्योग से सीधे जुड़ जाएंगे। किसानों को भी खेती के लिए ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरण को ले जाने में आसानी होगी।
आगरा के तनौरा नूरपुर यमुना घाट पर बने पांटून पुल का रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, एत्मादपुर के भाजपा विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने उद्घाटन किया। पुल 75 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है।
विज्ञापन
इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा है कि कई दशकों से नूरपुर तनौरा, नगला बिंदू, गढ़ी चंदन, कबीस, बिल्हैनी और मेहरा नाहरगंज आदि गांवों के किसानों के खेत यमुना पार फिरोजाबाद जिले में है। साथ ही इन गांवों के लोगों की रिश्तेदारियां भी नदी पार के गांवों में हैं। लोगों के खेत और रिश्तेदारों के यहां जाने में यमुना नदी के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। अब पांटून पुल बनने से दोनों तरफ के 25 से अधिक गांवों के लोगों को काफी राहत मिली है।
कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बताया कि आगरा और फिरोजाबाद जिले के सीमावर्ती गांव के किसानों को इस पुल के बनने से काफी फायदा होगा। आगरा के लोग फिरोजाबाद के कांच उद्योग से सीधे जुड़ जाएंगे। किसानों को भी खेती के लिए ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरण को ले जाने में आसानी होगी। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी पुल बनाने की भी मांग की है। मौके पर अभिनव मौर्य, हरेंद्र सिंह, जयप्रकाश प्रधान, श्रीचंद वर्मा, यशपाल राणा, तेजपाल, कोमल सिंह, बृजवासी, पवन वर्मा और सत्य प्रकाश आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
कैबिनेट मंत्री ने मांगा यमुना मैया से आशीर्वाद
पुल का उद्घाटन करने पहुंची ग्रामीण विधानसभा से विधायिक और कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने जनता व यमुना मैया से आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जो अधूरे काम रह गए हैं, उनको जल्द पूरा कराया जाएगा।
कटान रोकने के लिए सौंपा ज्ञापन
तहसील सदर के गांव बरौली गुर्जर, कुईं कुमरगढ़, ठार पंजाबी, नगला गोला, बरौली, बगदा, रामपुर में लगातार हो रहे यमुना की तलहटी में कटान को रोकने के लिए किसान नवल सिंह, राम नारायण, बलराम सिंह, महाराज सिंह, रामेश्वर, हरिओम शास्त्री आदि ने कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने यमुना में कटान रोकने की व्यवस्था कराने की मांग की।
पुल तैयार, खतरा बरकरार
तनौरा नूरपुर घाट पर बना पांटून पुल भले ही रविवार को आम लोगों के लिए खोल दिया गया हो, मगर खतरा बरकरार है। पुल के एक हिस्से में यमुना का कटाव शुरू हो गया है। लोगों का मानना है कि कटाव पुल को प्रभावित कर सकता है। ठेकेदार चंद्रसेन तिवारी का कहना है कि यमुना का जलस्तर बढ़ने से कटाव हुआ है।
मात्र 13 दिन में बना 27 दिन बाद उद्घाटन
ठेकेदार ने बताया कि तनौरा घाट पर बना पांटून पुल मात्र 13 दिन में बनकर तैयार हो गया था, जिसका उद्घाटन 27 दिन बाद हुआ। पुल का निर्माण कार्य 12 फरवरी को शुरू हुआ था, जो 25 फरवरी को बनकर तैयार हो गया था। ठेकेदार के मुताबिक पुल 15 जून तक रहेगा। उसके बाद पुल के निर्माण में लगे पीपा को निकाल कर सुरक्षित रखा जाएगा। बारिश बाद दोबारा पुल तैयार किया जाएगा।