किशनी। मोहल्ला हवेली स्थित नधा नाम से मशहूर तालाब की 1.14 करोड़ रुपये की धनराशि से सूरत बदलेगी। पूर्व में तालाब के लिए 1.39 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। इसमें से 25 लाख मिट्टी डालने और सफाई के नाम पर खर्च किए जा चुके हैं। पूर्व चेयरमैन के कार्यकाल में नधा तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। इसके लिए शासन से 1.39 करोड़ की धनराशि भी स्वीकृत कर दी गई थी। कार्य भी शुरू हो गया था।
25 लाख रुपये की धनराशि मिट्टी डालने और सफाई के नाम पर खर्च की गई थी। नई नगर पंचायत के गठन के बाद काम अधूरा ही छोड़ दिया गया। अब नई नगर पंचायत के गठन के तीन साल के बाद ईओ अभयरंजन के प्रयास के बाद शासन ने 1.14 करोड़ रुपये की धनराशि तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत की है। ईओ अभयरंजन के अनुसार कार्य के दौरान हाईमास्ट लाइट, नलकूप, रैलिंग, मल्टी प्ले स्टेशन के अलावा तालाब में नौकायन की व्यवस्था की जाएगी।
पूर्व में मिट्टी में घोटाले की हुई थी शिकायत
पूर्व चेयरमैन के कार्यकाल में शुरू हुए काम के दौरान 25 लाख रुपये का खर्च सफाई और मिट्टी डालने में बताया गया था। जिसमें भ्रष्टाचार की शिकायत तत्कालीन एसडीएम से की गई थी। 25 लाख खर्च होने के बाद भी तालाब में कुछ भी कार्य नहीं दिखाई दे रहा है। तालाब पुरानी स्थिति में है।