नवोदय विद्यालय के बाहर खड़ी भोगांव पुलिस की गाड़ी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। नवोदय के कथित छात्रा हत्याकांड में एसआईटी ने अब पूछताछ के बाद फिर पॉलीग्राफी टेस्ट की शुरुआत कर दी है। पहले जहां पांच लोगों का पॉलीग्राफी कराया जा चुका है तो सोमवार को चार लोगों को पुलिस के साथ पॉलीग्राफी टेस्ट के लिए लखनऊ भेजा गया है।
नवोदय विद्यालय में हुई छात्रा की हत्या का खुलासा करने के लिए एसआईटी पॉलीग्राफी टेस्ट करा रही है।
एसआईटी को उम्मीद है कि पॉलीग्राफी टेस्ट के सहारे उन्हेें कथित छात्रा हत्याकांड को सुलझाने में आसानी होगी। जांच के पहले दिन ही एसआईटी ने पांच लोगों के पॉलीग्राफी की अनुमति कोर्ट से ली थी। इसके बाद उनका पॉलीग्राफी कराया जा चुका है। वहीं दोबारा 12 दिसंबर को सात लोगों का पॉलीग्राफी कराने के लिए कोर्ट में आवेदन किया था।
कोर्ट ने वकील मौजूद रहने की शर्त पर तत्कालीन प्रधानाचार्य समेत स्टाफ के चार छात्रा के तीन रिश्तेदारों का पॉलीग्राफी कराने की अनुमति दे दी थी। इसके बाद सोमवार को भोगांव पुलिस सुबह पांच बजे ही स्टाफ के चार लोगों का पॉलीग्राफी कराने के लिए ले गई है। अब देखना ये है कि इसमें पुलिस को कुछ हाथ लगता है या नहीं।
दूसरी बार में जाएंगे छात्रा के रिश्तेदार
एसआईटी ने पांच दिन पहले सात लोगों का पॉलीग्राफी टेस्ट कराने की अनुमति ली थी। इसमें छात्रा के तीन रिश्तेदारों को भी शामिल किया गया था। लेकिन एसआईटी ने अभी रिश्तेदारों को पॉलीग्राफी टेस्ट के लिए नहीं भेजा है। सूत्रों के अनुसार दूसरी बार में उन्हें पॉलीग्राफी के लिए ले जाया जाएगा।