आगरा के पुरानी मंडी ताजगंज, शाहगंज, आईएसबीटी, ईदगाह चौराहा, बाग फरजाना, विभव नगर, पश्चिमपुरी क्षेत्र के लोगों की सेहत धूल-मिट्टी के कण बिगाड़ रहे हैं। खतरनाक स्तर पर चल रहे आगरा के वायु गुणवत्ता सूचकांक(एयर क्वालिटी इंडेक्स-एक्यूआई) के साथ इन छह जगहों पर एक्यूआई और खराब स्थिति में है। आगरा का एयर क्वालिटी इंडेक्स मंगलवार को 415 रहा, जबकि इन इलाकों में एक्यूआई 499 तक पहुंच गया। यही नहीं, इन जगहों पर पर्टिकुलेट मैटर-10 माइक्रोग्राम की मात्रा सामान्य से 10 गुना ज्यादा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी किए गए एयर क्वालिटी इंडेक्स में आगरा का एक्यूआई 415 पर रहा, जो बेहद खतरनाक स्तर पर है। हालांकि यह रविवार और सोमवार के मुकाबले कम है। दोपहर दो बजे के बाद ताजनगरी में हवा की रफ्तार बढ़ी और वेंटिलेशन इंडेक्स भी सुधरा।
उससे पहले रात से लेकर दोपहर एक बजे तक धुंध और प्रदूषण के कारण स्मॉग की खतरनाक चादर गहराई रही। जिस वजह से दृश्यता बेहद कम रही। संजय प्लेस स्थित ऑटोमेटिक स्टेशन पर धूल कण पीएम-2.5 की मात्रा 477 पर रही, जबकि शहर में पुरानी मंडी, आईएसबीटी, शाहगंज क्षेत्र में पीएम-10 कण 996 तक जा पहुंचे जो सामान्य से दस गुना ज्यादा हैं।
जगह - एक्यूआई - पीएएम-10
पुरानी मंडी - 499 - 996
शाहगंज - 499 - 993
आईएसबीटी - 477 - 873
ईदगाह - 475 - 860
बाग फरजाना - 457 - 756
विभव नगर - 453 - 729