कासगंज। कालीनदी में मछलियों के मरने के मामले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जांच में जुटा है। बोर्ड ने अलीगढ़ की बियर फैक्ट्री के सीवरेज की जांच करने के साथ ही अब बुलंदशहर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को भी पत्र लिख दिया है। विभाग ने बुलंदशहर की औद्योगिक इकाइयों से विषैला पानी आने की आशंका जताई है।
रविवार को कालीनदी में हजारों मछलियां मरी हुईं मिली थीं। इसके बाद फिर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पानी की जांच में जुट गया। कालीनदी के पानी और अलीगढ़ बियर फैक्ट्री के सीवरेज के नमूने लेकर प्रयोगशाला में भेजे हैं। हालांकि अभी प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट नहीं आई है। इस बीच प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने आशंका जताई है कि शायद बुलंदशहर की चीनी मिल और अन्य औद्योगिक इकाइयों से कालीनदी में विषैला पानी आया है। क्योंकि अलीगढ़, बुलंदशहर के बीच काफी गंदा पानी पाया गया है। बुलंदशहर के अधिकारियों को पत्र लिखकर जांच में सहयोग की अपेक्षा की है।
दो दिन में आएगी रिपोर्ट
कालीनदी के पानी और बियर फैक्ट्री के सीवरेज के जो नमूने जांच के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। उनकी रिपोर्ट दो दिन में आने की संभावना है। उसके बाद ही नियंत्रण बोर्ड पानी के डिजॉल्वड ऑक्सीजन और अन्य लेवल की स्थिति स्पष्ट कर सकेगा।
वर्जन-
- बुलंदशहर के अधिकारियों को पत्र लिखकर उनसे जांच में सहयोग की अपेक्षा की है। प्रयोगशाला में जो नमूने भेजे गए थे उनकी दो दिन में रिपोर्ट आने की संभावना है। - रामगोपाल, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अलीगढ़।