टूंडला (फिरोजाबाद)। टूंडला टोल प्लाजा पर रविवार को भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के पदाधिकारियों की गाड़ियां रोके जाने पर किसान नेताओं ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद यूनियन के पदाधिकारियों की गाड़ियों को बिना टोल के जाने दिया गया। किसान नेताओं और टोल अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। एक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे लोकशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने टोल मैनेजर को पांच दिन का अल्टीमेटम दिया है।
रविवार को भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति का फिरोजाबाद में कार्यकर्ता सम्मेलन था। इसमें भाग लेने के लिए यूनियन के पदाधिकारी कई जिलों से जा रहे थे। टूंडला टोल प्लाजा पर यूनियन के पदाधिकारियों की गाड़ियों को बिना टोल दिए जाने से रोक दिया। इसको लेकर यूनियन पदाधिकारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। पदाधिकारियों व टोल प्लाजा कर्मचारियों व अधिकारियों के बीच जमकर हॉटटॉक हुई। इस दौरान टोल पर वाहनों की कतारें लग गयीं।
पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर यूनियन की गाड़ियों को बिना टोल के जाने दिया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने टोल अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि यूनियन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की गाड़ियों को रोका गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। टोल अधिकारियों की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और पीएसी के जवानों ने किसान नेताओं को सड़क से हटाकर आवागमन सुचारू कराया।
यूनियन की गाड़ियां रोकी तो होगा उग्र आंदोलन
भाकियू लोकशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यौराज सिंह ने कहा है कि टूंडला टोल प्लाजा पर यूनियन कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। मंत्री और विधायकों के लिए टोल फ्री है, लेकिन किसान नेताओं से जबरन टोल वसूला जा रहा है। टोल अधिकारियों को पांच दिन का समय दिया गया है। अगर वार्ता कर टोल फ्री नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जायेगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी टोल अधिकारियों की होगी। इस दौरान उनके साथ देशराज सिंह, प्रताप नागर, विनोद भाटी, रिंकू त्यागी, संजय सिंह, केपी सिंह, सशांक, अनुज, सनी जादौन, गौरव जादौन, सीताराम शर्मा, जिलाध्यक्ष अजय राठौर, नगर अध्यक्ष सरताज अहमद आदि प्रमुख थे।
- किसान नेता टोल प्लाजा पर आए थे। यहां रुके और मिलकर चले गए। किसानों के प्रदर्शन व टोल फ्री कराने जैसी कोई बात नहीं है। टोल पर अधिक गाड़ियां पहुंचने पर लाइन लग जाती है। टोल नॉर्मल चल रहा है। - संदीप कुमार, मैनेजर, टोल प्लाजा, टूंडला।
- टोल पर फ्री गाड़ी निकालने को लेकर किसान यूनियन की हल्की नोकझोंक हुई थी। उनकी गाड़ियां निकलवा दी थीं। टोल फ्री कराने जैसी कोई घटना नहीं हुई। - देवेन्द्र कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, टूंडला।