कासगंज के सहावर में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान को प्रमाण पत्र देते आरओ
- फोटो : KASGANJ
गंजडुंडवारा/ सहावर। गंजडुंडवारा की ग्राम पंचायत असद गढ़ एवं सहावर की ग्राम पंचायत चांडी के लिए हुए उपचुनाव की सोमवार को विकास खंड कार्यालयों पर मतगणना हुई। मतगणना के बाद विजेता रहने वाली दोनों महिला प्रधानों को प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। विजेता प्रधानों का समर्थकों ने जोशीला स्वागत किया।
ग्राम पंचायत किला असद गढ़ में ग्राम प्रधान के लिए हुए उपचुनाव में संगीता पत्नी हरप्रसाद ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी नेमवती को 233 मतों से पराजित कर जीत हासिल की।
संगीता ने कुल पड़े 1384 मतों में से 585 वोट प्राप्त किए। जबकि नेमवती 352 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहीं। रिटर्निंग अधिकारी डॉ अजीत कुमार ने विजयी प्रत्याशी संगीता को प्रमाणपत्र प्रदान कर जीत की बधाई दी।
ग्राम पंचायत चांडी में पूर्व प्रधान चंद्रवती यादव के निधन के बाद हुए उपचुनाव में उनकी पुत्रवधू अलका यादव पत्नी विजय प्रताप यादव ने 221 मतों से अपने प्रतिद्वंदी मीना देवी पत्नी सुभाष चंद्र यादव को हरा दिया। कुल पड़े 681 वोटों में से अलका यादव को 444 वोट मिले। जबकि मीना देवी को 223 वोट मिले और 14 मत निरस्त हो गए। आरओ राजीव लोचन शर्मा ने विजेता प्रत्याशी को प्रमाणपत्र प्रदान किया। मतगणना को लेकर चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों के समर्थकों में काफी उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में समर्थक गंजडुंडवारा एवं सहावर विकास क्षेत्र कार्यालय परिसर के बाहर जमा हो गए। समर्थकों ने मतगणना स्थल से बाहर आते ही विजेता प्रधानों का फूल मालाओं से स्वागत किया।