छोटी परिक्रमा के मार्ग में लगे अवरोधक।
- फोटो : अमर उजाला
बड़ा बाजार परिक्रमा मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाने से नाराजगी
मुड़िया मेले के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा वर्षों पुरानी व्यवस्था में किए गए बदलाव से व्यापारियों में रोष है। पुलिस अधिकारियों ने जिम्मेदारी से बचने के लिए बड़ा बाजार परिक्रमा मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए बैरिकेडिंग कराकर डीग अड्डे से बरसाना मार्ग होते परिक्रमा पर डायवर्ट किया है। व्यापारियों का कहना है कि इससे व्यापार प्रभावित होगा। वहीं, मेलाधिकारी एडीएम प्रशासन ने अनभिज्ञता जाहिर कर मामला एसडीएम पर डालते हुए इससे पल्ला झाड़ लिया।
शनिवार को पुलिस प्रशासन ने भीड़ के दबाव को देखते हुए सदियों पुरानी परंपराओं को बदल कर श्रद्धालुओं को परेशानी में डाल दिया है। पुलिस प्रशासन ने जतीपुरा मार्ग से जोड़ती छोटी परिक्रमा के बड़ा बाजार वाले मार्ग को बैरिकेडिंग कराकर डीग अड्डे से बरसाना मार्ग होते परिक्रमा मार्ग को डायवर्ट किया है। व्यापारी नेता संजीव खंडेलवाल ने बताया कि पहले परिक्रमार्थी बड़ा बाजार लक्ष्मीनारायण मंदिर के सामने से गुजरते थे लेकिन अब प्रशासन ने इस पर रोक लगा दी है। इससे परिक्रमा भी लंबी होगी और श्रद्धालुओं के साथ-साथ व्यापार भी प्रभावित होगा। मेलाधिकारी ने परंपरागत परिक्रमा मार्ग नहीं खोला तो व्यापारी आंदोलन करेंगे।