मैनपुरी। पुलिस लाइन में तैनात एक पुलिसकर्मी आए दिन पत्नी को पीटता है। पत्नी ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र में गोला बाजार निवासी सुलेखा ने पुलिस को बताया कि पति अजय कुमार पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर तैनात हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती पुलिस लाइन में हैं। आरोप लगाया कि पति आए दिन उन्हें गालियां देते हुए मारता पीटता है। उनसे व घरवालों से अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा है।
मांग पूरी न होने पर उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। 11 अक्तूबर की सुबह अजय ने उन्हें गालियां देते हुए डंडे और झाड़ू से बुरी तरह से पीटा। उनके हाथ व आंख में काफी चोट लगी। पति ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। उक्त शिकायत पर पुलिस ने आरक्षी अजय कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।