कासगंज। लोकसभा चुनावों में प्रलोभन देकर वोट डलवाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। यदि कोई भी मतदाताओं को प्रलोभन देकर या धमकाकर किसी दल के लिए मतदान कराने वालों को जेल भेजा जाएगा। अपर पुलिस अधीक्षक ने ऐसे एजेंटो को चिह्नित करने के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए हैं।
लोकसभा चुनावों को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दीं हैं। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने मंगलवार को थाना प्रभारियों को निर्देशित किया, कहा थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में ऐसे लोगों को चिह्नित करें, जो मतदान को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे लोग जो मतदाताओं को धन, शराब या अन्य तरह का प्रलोभन देकर किसी खास दल के लिए वोट कराने का कार्य कर सकते हैं। ऐसे लोगाें को चिह्नित करें। इसके साथ ही मतदाताओं को डरा धमकाकर वोटिंग कराने वालों पर भी गाज गिरेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे एजेंट को चिह्नित करें और उन पर नजर रखें। यदि कोई भी मतदान या मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास करे तो उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जाए।
एएसपी राजेश भारती ने बताया कि लोकसभा चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शिता से कराए जाएंगे। ऐसे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है जो मतदाताओं और मतदान को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसा करने वाले जेल भेजे जाएंगे।