गंजडुंडवारा। थाना सिकंदरपुर वैश्य के गांव नगला नरपत में पुलिस पार्टी पर हमला एवं इंस्पेक्टर को गोली लगने के बाद से आरोपी फरार हैं। पुलिस ने सतर्कता के लिहाज से एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव में डेरा जमाया है। आईजी शलभ माथुर ने घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। घटना के बाद एसपी सौरभ दीक्षित जिले के अन्य अधीनस्थ अधिकारियों के साथ गांव में डेरा जमाए हैं।फायरिंग की घटना में इंस्पेक्टर हरिभान सिंह राठौर को रात्रि करीब 8 बजे गोली लगी थी। यह सूचना जैसे ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को हुई तो जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया और पुलिस बल नगला नरपत की ओर रवाना किया गया। जानकारी पाकर आईजी शलभ माथुर भी गांव में पहुंच गए। उन्होंने अधीनस्थों को सभी जरूरी कदम उठाने और पूरी एतिहात बरतने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने रात को ही घटना के बाद पूरे गांव की घेराबंदी कर ली। अतिरिक्त पुलिसबल भी बुला लिया गया। इसके अलावा पीएसी भी तैनात की गई। आरोपियों के बारे में गांव में पूछताछ की गई। सभी आरोपी फरार बताए गए। दोनों ही पक्ष के लोग घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस लगातार कांबिंग करके आरोपियों की तलाश में जुटी है। एसओजी सर्विलांस टीमें भी सक्रिय हैं। एसपी सौरभ दीक्षित के साथ अपर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र दुबे, पटियाली सीओ विजय राणा और कई थानों का पुलिसबल गांव में मौजूद रहा।
तीन आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित :
नगला नरपत में बुधवार को पुलिस पर हमले के मामले में तीन आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि आरोपी आमोद, प्रमोद और अरुण पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।