आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज स्थित रैन बसेरे से अगवा किए गए फिरोजाबाद निवासी ऑटो चालक वीरेंद्र कुमार की बरामदगी के लिए पुलिस ने आरोपी हरिओम को शनिवार सुबह रिमांड पर ले लिया। इसके बाद उसे अपने साथ फिरोजाबाद तक लेकर गई। मगर, वीरेंद्र के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। आरोपी को रविवार शाम को पुलिस जेल में दाखिल करेगी।
थाना एमएम गेट के प्रभारी निरीक्षक अवधेश अवस्थी के मुताबिक, आरोपी हरिओम को सुबह 11 बजे जेल से रिमांड पर लिया गया। उसे थाने लेकर आए। हरिओम ने पूछताछ में बताया था कि वीरेंद्र ने खुद ही फोन देकर फिरौती मांगने को कहा था। यह भी कहा था कि फिरौती की रकम मिलने पर फिरोजाबाद आ जाना। वह जैन मंदिर के पास मिल जाएगा। इस पर पुलिस उसे अपने साथ फिरोजाबाद लेकर गई। शाम तक जैन मंदिर के पास वीरेंद्र की तलाश करती रही, लेकिन वो नहीं मिले। इस पर पुलिस टीम हरिओम को वापस ले आई। पुलिस उसकी बातों पर पूरी तरह से विश्वास नहीं कर रही है।
वीरेंद्र के बेटे अनुज कुमार ने बताया कि पिता कैंसर से पीड़ित हैं। उनका इलाज चल रहा था। उनका अपहरण कर लिया गया। फिरौती मांगी गई। आरोपी से उनका मोबाइल बरामद हो गया है। वह यह नहीं बता रहा है कि पिता कहां पर हैं। आशंका है कि उनके पिता को किसी गैंग के हवाले न कर दिया हो। इतने दिन बाद भी पुलिस कुछ नहीं बता सकी है। पुलिस क्या कर रही है? कुछ पता नहीं चल पा रहा है।
वीरेंद्र कुमार का अपहरण एसएन मेडिकल कॉलेज परिसर से ही हुआ। मगर, आरोपी अपहरण से इनकार कर रहा है। मेडिकल कॉलेज के पीपल वाले गेट के पास लगे कैमरे में वीरेंद्र नजर नहीं आए थे। इस पर पुलिस ने आसपास बाजार और रास्तों के कैमरों को चेक किया। 20 से अधिक कैमरों की रिकॉर्डिंग को चेक किया। मगर, वीरेंद्र किसी में नजर नहीं आए।