फतेहाबाद। फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर बीते सोमवार को कार की टक्कर से युवक की मौत के बाद हुए बवाल के मामले में सियासत गरमा गई है। बुधवार को समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन गांव पिन्नापुरा पहुंचे। उन्होंने पीड़ित ग्रामीणों से बातचीत कर पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की।
थाना फतेहाबाद क्षेत्र के पिन्नापुरा में हुए बवाल के बाद बुधवार को बुधवार शाम गांव पहुंचे राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के समक्ष ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है और निर्दोषों को निशाना बनाया जा रहा है। ग्रामीण संतोष ने बताया कि उनके पुत्र की बरात 19 जून को जानी थी। घटना के समय वह उनके साथ बाजार में था। इसके बावजूद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। पुलिस ने रिश्तेदारों को भी जेल भेज दिया, जोकि घटना में शामिल ही नहीं थे। इसके बाद सांसद ने एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद से फोन पर वार्ता कर कहा कि पुलिस प्रशासन गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करे और किसी भी निर्दोष व्यक्ति का उत्पीड़न न होने पाए। इस दौरान उनके साथ महेश सिसौदिया, प्रहलाद गुर्जर, राम सेवक अघवारिया, शैलेश यादव, आशुतोष वर्मा, प्रमोद वर्मा, गुड्डू दयाल वर्मा, सुनील नीलम, बच्चू सिंह निषाद, विजय वर्मा, संतोष पाल आदि मौजूद रहे।