आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र में ब्लैकमेल करके लोगों से धन वसूली करने के आरोप में पकड़े गए दोनों सिपाही सहित पांच आरोपियों को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। मामले में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
इंस्पेक्टर थाना ताजगंज विनोद कुमार पायल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सदर बाजार थाना में तैनात सिपाही दीपक सोलंकी निवासी चमरौली (थाना ताजगंज), पुलिस लाइन में तैनात सिपाही कवि चौधरी (निवासी ताजपुर, सादाबाद कोतवाली, हाथरस), आशीष शर्मा निवासी इंद्रापुरम कालोनी (सदर), गौरव निवासी रकाबगंज और महिला सदस्य हैं।
इस मामले में पीड़ित बिल्डर, इंजीनियर के बेटे सहित एक अन्य ने मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें धोखाधड़ी, चौथ वसूली, मारपीट, जान से मारने की धमकी सहित अन्य धारा लगाई गई हैं।
महिला ने मंगाई थी बीयर
महिला ने बिल्डर का मोबाइल नंबर उसके प्लॉट से लिया था। दो महीने से महिला बिल्डर को कॉल कर रही थी। प्लॉट खरीदने की बात कर रही थी। गुरुवार को बिल्डर को एडवांस देने के बहाने बुलाया।
उससे कहा था कि दो बीयर भी लेकर आना। वो दूसरा प्लॉट भी खरीद लेगी। दोनों पार्टी मनाएंगे। बिल्डर पहुंचा तो रोमांस की बात करने लगी। कपड़े उतार दिए। इसके बाद शोर मचा दिया।
इसके बाद उसका फौज की वर्दी में कथित पति और भाई आ गए। उन्होंने फोटो खींच लिए। पिटाई भी लगाई। पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात करने लगे। इसके बाद दोनों सिपाही आए। उन्होंने थाने ले चलने की धमकी दी। बिल्डर से दस लाख रुपये चौथ मांगी।
मोबाइल में मिली क्लीपिंग
बिल्डर ने जेब में रखे 25 हजार रुपये दे दिए। बाकी रकम इंतजाम करके देने को कहा। घर में होने वाली हरकतों से मोहल्ले के लोग वाकिफ थे। उन्होंने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस बुला ली। तब सभी आरोपी पकड़ लिए गए।
शुक्रवार को पांच आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिए गए। आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल देखी जा रही है। इसके अलावा मोबाइल में कई क्लीपिंग भी मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है।