फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा में नकली ऑयल फैक्टरी का भंडाभोड़: पुलिस ने 11 आरोपियों को भेजा जेल, लाखों का माल बरामद

Mon, 28 Jun 2021 04:48 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा

सार

पुलिस ने शनिवार को फैक्टरी पर छापा था। इस दौरान 11 आरोपी गिरफ्तार कर लिए, जबकि फैक्टरी चलाने वाला जीशान फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
विज्ञापन
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र के भगवती बाग में पकड़ी गई नकली मोबिल ऑयल की फैक्टरी छत्ता का रहने वाला जीशान चला रहा था। उसके तार भी जीन खाना इलाके से जुड़े हुए हैं। यहां पर बड़े स्तर पर नकली मोबिल ऑयल का धंधा होता है। मगर, पुलिस की कार्रवाई के बाद सरगना अन्य इलाकों में यह धंधा कर रहे हैं। पुलिस ने एक नाबालिग सहित 11 को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जीशान फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।

विज्ञापन


एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि एत्माद्दौला के भगवती बाग इलाके में शनिवार को एक फैक्टरी पकड़ी गई थी। इसमें नकली मोबिल ऑयल को नामी कंपनी के डिब्बों में भरकर बाजार में बेचा जा रहा था। पुलिस ने एक नाबालिग सहित 11 आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें नकली ऑयल बनाने वाले से लेकर सप्लायर और खरीदार भी शामिल हैं। ऑयल के डिब्बों को अलग-अलग जिलों से लेकर प्रदेश में सप्लाई किया जाता था। लाखों रुपये का माल बाजार में बेचा जा रहा था।

मैकेनिकों से फैक्टरी में बिक्री, फिर होता था शोधित
एसएसपी के मुताबिक, पुलिस को आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि कमला नगर निवासी अजय गर्ग की एत्माद्दौला क्षेत्र में सीमा ऑयल के नाम से फैक्टरी है। गाड़ी मैकेनिक गाड़ियों से निकलने वाला खराब और जला हुआ ऑयल अपने पास सुरक्षित रखते हैं। इसे बाजार में बेचा जाता है। सीमा ऑयल फैक्टरी में इसी ऑयल को खरीदती थी। इसके बाद साफ किया जाता है। 
विज्ञापन

यह साफ या शोधित ऑयल बड़ी मशीनों के कल पुर्जों में काम आता है। मगर, इसकी खपत कम है। कीमत भी ज्यादा नहीं मिलती है। इसलिए नकली इंजन ऑयल का कार्य करने वाले सीमा ऑयल फैक्टरी से खराब आयल खरीदते थे। इसके बाद नामी कंपनी के डिब्बों में पैक कर देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह फर्जी बिल की मदद से ऑयल को बाजार में लेकर जाते थे। इस ऑयल को दुकानदार कम कीमत पर खरीदते हैं। 

इसके बाद ग्राहक  को बाजार की कीमत पर ही बेचा जाता है। इससे एक तरफ ग्राहकों की गाड़ियों को नुकसान होता है, वहीं कंपनी के माल की खपत भी कम होती है। पुलिस ने सीमा फैक्टरी के मालिक अजय गर्ग को भी पकड़ा है। पिछले दिनों खंदौली में सारिक की फैक्टरी पकड़ी गई थी। उसमें भी खराब आयल को अजय गर्ग ही उपलब्ध कराता था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कलाल खेरिया निवासी विनोद को पकड़ा है। उसके पास से नकली मोबिल ऑयल की 32 पेटी बरामद की हैं।

इनकी हुई गिरफ्तारी
ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी पंकज कुशवाहा, हींग की मंडी निवासी सादिक, जीन खाना निवासी नदीम, यमुना ब्रिज निवासी साबिर, मंटोला निवासी अमान, इसलाम नगर निवासी रिहान, कासिम, मोनू, पाय चौकी निवासी सोहिल, कमला नगर निवासी अजय गर्ग और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन

यह आरोपी फरार
पुलिस ने बताया कि गुलाबखाना, छत्ता निवासी जीशान फरार हैं। उसकी तलाश की जा रही है।

यह हुई बरामदगी
70 पेटी इंजन ऑयल, पांच भरे ड्रम, दो ड्रम आधे भरे, एक आधा कटा ड्रम, एक होज पाइप, एक इलेक्ट्रॉनिक मशीन ढक्कन लगाने वाली, 500 ढक्कन कैस्ट्राल, 500 ढक्कन हीरो, 25 पेटी हीरो फोर टी प्लस, 90 रैपर सीट हीरो फोरटी कंपनी, एक टेंपो, एक कीप बरामद हुए।
 
जीन खाना में होता था काम
शहर के छत्ता स्थित जीन खाना में नकली मोबिल ऑयल का कारोबार बड़े पैमाने पर होता था। एक साल पहले पुलिस ने इस इलाके में छापा मार कार्रवाई की थी। इसके बाद पुलिस  ने नकली इंजन ऑयल और पैकिंग मैटेरियल बनाने की दस फैक्टरी पकड़ी थीं। यह कार्रवाई एत्माद्दौला, छत्ता, ताजगंज, खंदौली इलाके में की गई थी। पुलिस ने 50 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए थे। 

गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी की जा चुकी है। एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि नकली का कारोबार करने वालों की सप्लाई चेन को तोड़ा जाएगा। नकली ऑयल बनाने वाले, बेचने वाले और खरीदने वाले दुकानदारों को जेल भेजा जाएगा। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की जाएगी। संपत्ति को चिह्नित करके जब्तीकरण किया जाएगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें